बेबाक चर्चा
अपनी दो शिष्याओं के साथ यौन उत्पीड़न और हत्या के मामलों में सजा काट रहा डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम एक बार फिर 40 दिन की पैरोल पर जेल से बाहर आ गया है। मंगलवार (5 अगस्त) सुबह करीब 7 बजे राम रहीम को रोहतक की सुनारिया जेल से रिहा किया गया।
डेरा प्रमुख की करीबी हनीप्रीत, डेरा चेयरमैन दान सिंह और अन्य सहयोगियों के साथ उसे लेने पहुंची थी। जेल से रिहाई के तुरंत बाद, उनका काफिला सिरसा स्थित डेरा सच्चा सौदा मुख्यालय के लिए रवाना हो गया।
15 अगस्त को जन्मदिन, डेरे में होगा जश्न
राम रहीम की यह पैरोल उसके 15 अगस्त को आने वाले जन्मदिन के मौके पर मंजूर की गई है। सूत्रों के अनुसार, सिरसा डेरे में रक्षाबंधन के बाद उसके जन्मदिन का जश्न मनाने की तैयारी है। गौरतलब है कि राम रहीम को 2017 में साध्वी यौन उत्पीड़न मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद से वह सुनारिया जेल में बंद है।
2025 में तीसरी, कुल 14वीं बार जेल से रिहाई
यह कोई पहली बार नहीं है जब राम रहीम को जेल से इस तरह की राहत मिली है। 2017 में दोषी ठहराए जाने के बाद से यह 14वीं बार है जब वह पैरोल या फरलो पर बाहर आया है। अकेले 2025 में ही यह उसकी तीसरी रिहाई है। इससे पहले इसी साल फरवरी और अप्रैल में भी उसे 21-21 दिन की फरलो मिली थी।
राम रहीम को अक्सर हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और दिल्ली में चुनावों के आसपास पैरोल या फरलो मिलती रही है, जिसको लेकर हरियाणा सरकार पर सवाल भी उठते रहे हैं। पिछली बार वह 10 अप्रैल को 21 दिन की फरलो पर बाहर आया था, जिसे उसने सिरसा डेरे में ही बिताया था।