बेबाक चर्चा
बाजपुर। ब्लॉक प्रमुख चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। सोमवार को कांग्रेस समर्थित ब्लॉक प्रमुख पद की प्रत्याशी सुखमन औलख पर दो राज्यों की वोटर लिस्ट में नाम होने का आरोप लगने के बाद ब्लॉक दफ्तर में जमकर हंगामा हुआ। शिकायत की खबर फैलते ही कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक बड़ी संख्या में ब्लॉक कार्यालय पर इकट्ठा हो गए, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस-प्रशासन भी तत्काल सक्रिय हो गया।
जानकारी के अनुसार, गांव पिपलिया निवासी विनोद शर्मा ने सोमवार को सहायक निर्वाचन अधिकारी उपेंद्र सिंह रावत को एक शिकायती पत्र सौंपा। पत्र में आरोप लगाया गया है कि कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी सुखमन औलख का नाम उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड, दोनों राज्यों की मतदाता सूची में दर्ज है, जो कि नियमानुसार गलत है।
जैसे ही इस शिकायत की भनक कांग्रेस खेमे को लगी, किसान कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष हरमिंदर सिंह लाडी के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ता और समर्थक ब्लॉक कार्यालय पहुंच गए और अपनी आपत्ति जताना शुरू कर दिया, जिससे वहां भीड़ जमा हो गई।
इस मामले पर सहायक निर्वाचन अधिकारी उपेंद्र सिंह रावत ने स्पष्ट किया कि यह एक आधिकारिक आपत्ति नहीं, बल्कि एक व्यक्ति द्वारा की गई लिखित शिकायत है। उन्होंने बताया कि शिकायती पत्र जिला निर्वाचन अधिकारी (डीएम) को संबोधित है, जिसे नियमानुसार जिलाधिकारी के पास भेज दिया गया है। अंतिम निर्णय वहीं से लिया जाएगा।
वहीं, अपने ऊपर लगे आरोपों का खंडन करते हुए ब्लॉक प्रमुख प्रत्याशी सुखमन कौर औलख ने कहा कि ये सभी आरोप निराधार और राजनीति से प्रेरित हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह उत्तर प्रदेश की वोटर लिस्ट से अपना नाम निरस्त कराने की प्रक्रिया पहले ही पूरी कर चुकी हैं।