बेबाक चर्चा
नैनीताल में देर रात एक **दर्दनाक हादसा** हो गया, जिसने पूरे शहर को झकझोर दिया। मल्लीताल चौराहे पर स्थित 1863 में बने ऐतिहासिक **’ओल्ड लंदन हाउस’** में बुधवार देर रात भीषण आग लग गई। इस भयानक अग्निकांड में 86 वर्षीय **शांता बिष्ट** की जलकर मौत हो गई।
**क्या हुआ?**
रात करीब 9:54 बजे ‘ओल्ड लंदन हाउस’ की ऊपरी मंजिल से आग की लपटें निकलती देख हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और घर में फंसे कुछ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। लेकिन, इतिहासकार प्रो. अजय रावत की बहन शांता बिष्ट को नहीं बचाया जा सका। फायर ब्रिगेड की टीम को उनका शव आग बुझाने के बाद बरामद हुआ।
रात भर चला रेस्क्यू ऑपरेशन
आग इतनी विकराल थी कि उसे काबू करने में ढाई घंटे से ज्यादा का समय लगा। पुलिस, एसडीआरएफ और फायर ब्रिगेड की टीमों ने मिलकर आग बुझाने की कोशिश की। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आसपास की दुकानों और घरों को भी खाली कराया गया और बिजली काट दी गई। रात 12:30 बजे जाकर आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। इस दौरान आईजी, एसएसपी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद थे।
**आग का कारण अज्ञात**
फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस इसकी जांच कर रही है। एसएसपी नैनीताल प्रहलाद नारायण मीणा ने बताया कि आग बुझा ली गई है और एक महिला का शव मिला है। साथ ही, नुकसान का आकलन किया जा रहा है। इस दर्दनाक घटना ने नैनीताल के लोगों को सदमे में डाल दिया है।