रुद्रपुर। बेबाक चर्चा
देश भर में डिजिटल अरेस्ट कर ठगी के मामले सामने आ रहे हैं। काशीपुर की एक महिला को डिजिटल अरेस्ट कर ठगों ने 9.80 लाख रूपये ठग लिए। राष्ट्रविरोधी गतिविधियों और खातें में दो करोड़ रूपये ट्रांसफर होने की बात कह कर महिला को डराया धमकाया गया।
जानकारी के अनुसार टांडा उज्जैन निवासी एक महिला के पति नैनीताल जिले के एक महाविघालय में प्राध्यापक हैं। उनके बच्चे बाहर रहते हैं। 18 दिसंबर महिला के पति घर से बाहर गए हुए थे। सुबह तकरीबन आठ बजे एक कॉल आई जिसे वह रिसीव नही कर सकी। कुछ समय बाद उन्होने उस नंबर पर दोबार संपर्क किया। कॉलर ने खुद को मुंबई पुलिस का अधिकारी बताते हुए कहा कि किसी ने उनके केनरा बैंक मुंबई स्थित खाते में दो करोड़ रूपये ट्रांसफर किए है। रूपये ट्रांसफर करने वाला व्यक्ति पर कई फ्रॉड के केस दर्ज हैं। महिला के यह कहने पर कि उसका केनरा बैंक में कोई खाता नही है, कॉलर उनके पति और बेटे पर कार्रवाई करने की बात कहकर धमकाने लगा। कॉलर ने महिला को शाम पांच बजे तक डिजिटल अरेस्ट में रखा। डिप्रेशन में आकर महिला ने बैंक जाकर कॉलर के खातें में 9,83,981 रूपये ट्रांसफर कर दिए। तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात ठगों के खिलाफ बीएनएस की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।