रुद्रपुर। बेबाक चर्चा
राहगीरों के रास्ता भटकने की कहावत तो आपने कईं बार सुनी होगी लेकिन महाराष्ट्र से एक मामला सामने आ रहा है, जहां ट्रेन अपना रास्ता भटककर दूूसरे स्टेशन पर पहुंच गई।
एक वंदे भारत ट्रेन सोमवार को महाराष्ट्र में रास्ता भटक कर कहीं और चली गई। इसके करीब 90 मिनट लेट होने से यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी। रेल अधिकारियों ने बताया कि छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनल ;सीएसएमटी,.मडगांव वंदे भारत एक्सप्रेस महाराष्ट्र के ठाणे जिले के दिवा स्टेशन पर तकनीकी खराबी के कारण अपने निर्धारित मार्ग से भटक गई। दिवा.पनवेल मार्ग पर पनवेल स्टेशन की ओर बढ़ने के बजाय ट्रेन कल्याण की ओर मुड़ गई। इसके कारण मुंबई की लोकल ट्रेन सेवाओं पर भी असर पड़ा। बाद में वंदे भारत कल्याण स्टेशन से दिवा जंक्शन लौटी। यहां से उसने दिवा.पनवेल मार्ग पर मडगांव के लिए आगे की यात्रा शुरू की। रेल अधिकारियों ने बताया कि मुंबई उपनगरीय स्वचालित सिग्नलिंग प्रणाली पर ऐसी घटनाएं बहुत कम होती हैं। जानकारी के अनुसार यह घटना दिवा जंक्शन पर डाउन फास्ट लाइन और पांचवीं लाइन के बीच सिग्नलिंग और दूरसंचार प्रणाली में गड़बड़ी के कारण हुई। दिवा जंक्शन से कोंकण की ओर जाने वाली ट्रेनें नियमित मार्ग से पनवेल स्टेशन पहुंचती हैं, लेकिन वंदे भारत कल्याण पहुंच गई।