रुद्रपुर। बेबाक चर्चा
राष्ट्रीय और अंर्तराष्ट्रीय खेल मंचो में भारत का नाम रोशन करने वाले चार खिलाड़ियों को देश के सर्वोच्च खेल रत्न पुरूस्कार के लिए चुना गया है। ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर, पैरा एथलीट प्रवीण कुमार, पुरूष हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह और शतरंज विश्व विजेता चैंपियन डी गुकेश को इस साल के मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरूस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
हरमनप्रीत ने भारतीय पुरूष हॉकी टीम की कप्तानी करते हुए लगातार दूसरी बार ओलंपिक पदक जीता। फरीदाबाद की 22 वर्षीय मनु भाकर ओलंपिक में दो पदक जीतने वाली पहली महिला बनीं थी। पैरा हाई जंपर प्रवीण निवासी गौतम बुद्ध नगर ने पेरिस पैरालंपिक में टी 64 वर्ग में स्वर्ण पदक जीता था। सबसे युवा 18 वर्षीय विश्व शतरंज चैंपियन डी गुकेश भी इस सूची में शामिल हैं। खेल रत्न पाने वाले खिलाड़ियों को एक मेडल, प्रशस्ति पत्र और 25 लाख की नगद राशि मिलती है। साथ ही 32 खिलाड़ी अर्जुन पुरूस्कार के लिए चुने गए हैं, जिनमें रिकॉर्ड 17 पैरा ओलंपिक खिलाड़ी हैं। पुरूस्कारों की घोषणा से सभी खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है।