बेबाक चर्चा
चमोली। चमोली जिले के देवलग्वाड़ ग्राम पंचायत में प्रधान पद का चुनाव स्थगित कर दिया गया है। यह फैसला प्रधान पद के एक प्रत्याशी, 38 वर्षीय राजेंद्र सिंह, के आकस्मिक निधन के बाद लिया गया है। निर्वाचन अधिकारी ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, देवलग्वाड़ निवासी राजेंद्र सिंह पुत्र नैन सिंह ग्राम प्रधान पद के लिए उम्मीदवार थे। वह पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे। शुक्रवार को उनकी तबीयत अचानक ज्यादा बिगड़ गई, जिसके बाद परिजन उन्हें थराली अस्पताल ले गए। वहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया।
शनिवार को इलाज के दौरान राजेंद्र सिंह ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। उनके निधन की खबर से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। वह अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं।
मामले की सूचना मिलने पर विकासखंड के निर्वाचन अधिकारी अश्विनी गौतम ने एक पत्र जारी कर देवलग्वाड़ ग्राम पंचायत में प्रधान पद के चुनाव को स्थगित करने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि पंचायत के अन्य पदों के लिए चुनाव प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेगी।