बेबाक चर्चा
सुकमा। छत्तीसगढ़ में ‘लाल आतंक’ को एक बार फिर से करारा झटका लगा है। सुकमा जिले में पुलिस के सामने 20 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर दिया है। इन सभी पर कुल **33 लाख रुपये** का इनाम घोषित था, जिससे पुलिस की यह कार्रवाई एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।
आत्मसमर्पण करने वालों में 9 महिलाएं और 11 पुरुष शामिल हैं। इनमें एक हाईकोर महिला नक्सली भी है। ये सभी अलग-अलग नक्सली संगठनों और पदों से जुड़े थे, जिनमें पार्टी सदस्य, सक्रिय सदस्य और अन्य सहयोगी भी शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि इन नक्सलियों ने छत्तीसगढ़ सरकार की आत्मसमर्पण पुनर्वास नीति और पुलिस के **”निरंतर नैला नार”** अभियान से प्रभावित होकर यह कदम उठाया है। इस अभियान को सफल बनाने में डीआरजी, सीआरपीएफ, कोबरा और इंटेलिजेंस विंग ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
आत्मसमर्पण करने वाले सभी नक्सलियों को सरकार की नई पुनर्वास नीति 2025 के तहत **50-50 हजार रुपये** की प्रोत्साहन राशि और अन्य सुविधाएं प्रदान की जाएंगी, ताकि वे सामान्य जीवन में लौट सकें। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में नक्सलियों का मनोबल टूटा है।