बेबाक चर्चा
गदरपुर। नवीन मंडी में मतगणना के दौरान माहौल उस वक्त गरमा गया जब गदरपुर विधायक अरविंद पांडेय और रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा के समर्थक आपस में भिड़ गए। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें चार लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस को स्थिति नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा।
घटनाक्रम के अनुसार, बुक्सौरा निवासी गगनदीप सिंह नवीन अनाज मंडी से घर लौट रहे थे। इसी दौरान उन्होंने एक नवनिर्वाचित क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रत्याशी को कुछ लोगों द्वारा जबरन गाड़ी में बैठाते हुए देखा। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो उनका भाजपा नेता प्रीत ग्रोवर से विवाद हो गया। मौके पर मौजूद गदरपुर विधायक अरविंद पांडेय के समर्थकों ने भी जब विरोध जताया तो उनकी भी प्रीत ग्रोवर और उनके साथियों से तीखी बहस हो गई।
देखते ही देखते बहस मारपीट में तब्दील हो गई। इस मारपीट में एक पक्ष से प्रीत ग्रोवर, आशु गुंबर और मिक्की भगत तथा दूसरे पक्ष से गगनदीप सिंह को हल्की चोटें आईं।
मामले की जानकारी मिलते ही रुद्रपुर के विधायक शिव अरोरा, गुंजन सुखीजा और अन्य भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंच गए। इसी बीच गदरपुर विधायक अरविंद पांडेय के भी सैकड़ों समर्थक वहां जमा हो गए और दोनों गुट आमने-सामने आ गए, जिससे तनाव और बढ़ गया। स्थिति को बेकाबू होता देख मौके पर पहुंची पुलिस ने लाठियां फटकार कर भीड़ को खदेड़ा और मामले को शांत कराया। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।