बेबाक चर्चा
बदायूं: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के बिनावर थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक मंडल उपाध्यक्ष की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान सुरेश चंद्र गुप्ता (58 वर्ष) के रूप में हुई है, जो किसान यूनियन के नेता भी थे। उनका खून से लथपथ शव बुधवार सुबह एक ओवरहेड टैंक परिसर के गेट पर पड़ा मिला, उनका सिर ईंटों से कुचला गया था।
बेटे की जगह गए थे ड्यूटी पर, मिली मौत
घटना बिनावर थाना क्षेत्र के गांव विजयनगला की है। जानकारी के अनुसार, गांव के ओवरहेड टैंक पर सुरेश चंद्र गुप्ता के बेटे राहुल की चौकीदार के तौर पर तैनाती है। मंगलवार को राहुल किसी रिश्तेदारी में गया हुआ था, इसलिए उसने अपने पिता से रात में रखवाली करने का अनुरोध किया था।
परिजनों ने बताया कि सुरेश चंद्र गुप्ता रात करीब 9 बजे खाना खाकर ओवरहेड टैंक परिसर में सोने के लिए चले गए थे। देर रात अज्ञात हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया। हमलावरों ने न केवल उनके सिर को ईंट से कुचला, बल्कि उनके शरीर पर धारदार हथियार से भी कई वार किए।
सुबह लोगों ने देखा शव, पुलिस जांच में जुटी
बुधवार सुबह करीब सात बजे जब गांव के लोग टहलने के लिए निकले, तो उन्होंने ओवरहेड टैंक के गेट पर सुरेश गुप्ता का रक्तरंजित शव पड़ा देखा, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घटनास्थल पर खून से सनी ईंट के टुकड़े भी मिले हैं।
सूचना मिलते ही बिनावर इंस्पेक्टर अशोक कुमार कंबोज पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की है, लेकिन हत्या के पीछे की वजह अभी तक साफ नहीं हो सकी है। इंस्पेक्टर अशोक कुमार कंबोज ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर हत्यारोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।