रुद्रपुर। बेबाक चर्चा
जिला अस्पताल में मायके वालों को देख ससुराल पक्ष के लोग महिला का शव छोड़कर फरार हो गए। मृतक महिला की बहन ने ससुराल पक्ष पर संगीन आरोप लगाए हैं। उत्तर प्रदेश के रामपुर की विवाहित महिला को जिला अस्पताल ईलाज के लिए लाया गया था।
मूल रूप से गदरपुर निवासी 22 वर्षीय सुमन कौर का चार साल पहले मिलक थाना रामपुर के रहने वाले एक युवक से विवाह हुआ था। मृतक महिला की बहन ममता कौर ने ससुराल पक्ष पर आरोप लगाते हुए बताया कि शादी के बाद से ही सुमन को ससुराल वाले प्रताड़ित करते थे। 20 अक्टूबर को सुमन ने रामपुर जिले के एक निजी अस्पताल में बच्चे को जन्म दिया था। बच्चे के जन्म के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग महिला का स्वास्थ खराब होने की बात कह रहे थे। प्रसव के दौरान ईलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए ससुराल वालों ने कुछ रूपयों की एवज में अस्पताल से समझौता कर लिया था। आरोप है कि इसके बाद सुमन को मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां स्वास्थ में सुधार ना होने पर महिला को जिला अस्पताल रुद्रपुर लेकर आया गया। मायके वालों को जानकारी मिली की सुमन को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया है। ससुराल पक्ष के लोग सुमन के परिजनों को देख शव अस्पताल में छोड़कर फरार हो गए। बहन ने यह भी आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष के लोग उन्हे जानकारी दिए बिना ही महिला का अंतिम संस्कार करने की योजना बना चुके थे। खबर लिखे जाने तक महिला की मौत की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।