बेबाक चर्चा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने की घोषणा, कहा- यह राज्य के शैक्षणिक इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय
देहरादून
उत्तराखंड की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखने की दिशा में प्रदेश सरकार ने एक ऐतिहासिक पहल की है। प्रदेश के 550 सरकारी स्कूलों को अब देश के प्रतिष्ठित औद्योगिक समूह गोद लेंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसकी घोषणा करते हुए कहा कि यह पहल न केवल राज्य की शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करेगी, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के भविष्य की आधारशिला भी रखेगी।
एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने कहा, “आज का दिन राज्य के शैक्षणिक इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय के रूप में अंकित होने जा रहा है। मुझे यह बताते हुए अत्यंत प्रसन्नता हो रही है कि राज्य के 550 सरकारी स्कूलों को देश के प्रतिष्ठित औद्योगिक समूहों द्वारा गोद लिया जा रहा है।”
मुख्यमंत्री ने इस बात पर विशेष रूप से प्रकाश डाला कि इस सूची में दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों के स्कूलों को प्राथमिकता दी गई है, जो वर्षों से संसाधनों की कमी का सामना कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “मुझे यह भी बताया गया है कि इनमें से अधिकांश स्कूल ऐसे हैं, जिन्हें आज वास्तव में इसकी आवश्यकता है।”
इस पहल का उद्देश्य औद्योगिक समूहों के सहयोग से इन स्कूलों के बुनियादी ढांचे, शैक्षणिक गुणवत्ता और अन्य आवश्यक सुविधाओं में सुधार करना है। माना जा रहा है कि इस कदम से सरकारी स्कूलों का कायाकल्प होगा और छात्रों को बेहतर शैक्षणिक माहौल मिल सकेगा।