बेबाक चर्चा
देहरादून। उत्तराखंड में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों को लेकर प्रदेश कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष **ज्योति रौतेला** के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने बलवीर रोड स्थित भाजपा कार्यालय का घेराव करने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस और कांग्रेसियों के बीच तीखी झड़प देखने को मिली।
कांग्रेस ने हाल ही में सार्वजनिक हुई महिला अपराधों की रिपोर्ट को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला। प्रदर्शनकारी ‘महिला विरोधी सरकार’ के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे थे। स्थिति को बिगड़ता देख पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक दिया। इस पर महिला कांग्रेस कार्यकर्ता वहीं सड़क पर धरने पर बैठ गईं।
अचानक पूर्व मंत्री **हरक सिंह रावत** भी इस विरोध-प्रदर्शन में शामिल हो गए। उन्होंने भी भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए, जिससे माहौल और गर्म हो गया। हंगामे के बीच पुलिस ने कार्रवाई करते हुए **ज्योति रौतेला, हरक सिंह रावत** और कई अन्य कांग्रेसियों को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, बाद में उन्हें रिहा कर दिया गया। इस घटना ने एक बार फिर उत्तराखंड की राजनीति में भूचाल ला दिया है।