बेबाक चर्चा
बाराबंकी: जिले में पारिवारिक कलह से परेशान एक महिला ने अपने दो बेटों के साथ गोमती नदी में छलांग लगा दी। इस दुखद घटना में महिला के छोटे बेटे का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि महिला और उसके बड़े बेटे की तलाश जारी है।
यह घटना बुधवार को हुई जब कोठी थाना क्षेत्र के बिबियापुर गाँव की रहने वाली 28 वर्षीय मिथिलेश कुमारी ने अपने दो बेटों के साथ औसानेश्वर घाट पुल से नदी में कूदकर जान देने की कोशिश की। जानकारी के अनुसार, बुधवार को परिवार में किसी बात को लेकर बहुत बड़ा विवाद हो गया था, जिसके बाद महिला ने यह खौफनाक कदम उठाया।
मिथिलेश कुमारी का विवाह 2017 में मनोज यादव से हुआ था, जिनकी 2021 में मृत्यु हो गई थी। इसके बाद 2025 में उनकी शादी उनके देवर भोला उर्फ हुकुम सिंह से हुई थी।
घटना की सूचना मिलने के बाद गुरुवार सुबह कोठी पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची। खोजबीन के दौरान, गोताखोरों को नैपुराघाट पुल के पास एक बच्चे का शव मिला। एसएचओ कोठी जेपी सिंह ने बताया कि यह शव मिथिलेश के छोटे बेटे का है। उन्होंने पुष्टि की है कि महिला और उसके दूसरे बेटे की तलाश अभी भी जारी है। इस घटना ने पूरे इलाके में शोक का माहौल बना दिया है।